Last Updated:June 23, 2026, 11:46 IST
Ambikapur News: महापौर मंजूषा भगत ने रोते हुए कहा कि उनके खिलाफ साजिश हो रही है. वह आदिवासी महिला हैं, इसलिए उनके साथ ऐसा किया जा रहा है. वायरल ऑडियो में उनकी आवाज नहीं है. उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
महापौर मंजूषा भगत मीडिया से बात करते हुए रोने लगीं.
अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के एक मैदान में मेला लगाने की अनुमति के लिए महापौर मंजूषा भगत और बीजेपी के एक पदाधिकारी द्वारा कथित तौर पर रिश्वत मांगने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसके बाद महापौर ने थाने पहुंच शिकायत दर्ज कराई. महापौर और बीजेपी नेता मंजूषा भगत खुद पर लगे आरोपों से इनकार करते हुए मीडिया के सामने फूट-फूटकर रोने लगीं और इस मामले को उनकी छवि खराब करने का षड्यंत्र बताया. उन्होंने कहा कि अनुराग मिश्रा नाम के व्यक्ति ने उनकी छवि खराब करने के इरादे से छेड़छाड़ की गई और फर्जी ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर शेयर की. महापौर ने पुलिस से फर्जी ऑडियो बनाने वाले और शेयर करने वाले पर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
महापौर मंजूषा भगत ने मीडिया से कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है. वह आदिवासी महिला हैं, इसलिए उनके साथ ऐसा किया जा रहा है. उन्होंने ऑडियो क्लिप को लेकर कहा कि 21 जून की शाम को उन्हें फोन पर बताया गया कि किसी ने आपका ऑडियो जारी किया है. इसके बाद उन्होंने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ऑडियो सुना. उन्हें नहीं लगा कि वह उनकी आवाज है. उन्होंने किसी से ऐसी कोई बात नहीं की है. महापौर ने आगे कहा कि इस ऑडियो क्लिप से वह और उनका परिवार मानसिक रूप से परेशान हो रहा है. वह ठीक से खाना-पीना भी नहीं कर पा रही हैं. वह पांच बार चुनाव लड़ चुकी हैं लेकिन पहली बार उनके खिलाफ ऐसी साजिश हो रही है. उनके पति और पिता बीमार हैं. अगर उन्हें कुछ होता है, तो संबंधित व्यक्ति जवाबदेह होगा.
मीना बाजार लगाने के लिए वसूली?
सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें कथित रूप से कलाकेंद्र मैदान में मीना बाजार लगाने के लिए महापौर मंजूषा भगत और बीजेपी जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया पर अवैध वसूली करने का आरोप है. ऑडियो अनुराग मिश्रा द्वारा जारी किया गया है. मिश्रा मीना बाजार का संचालन करते हैं. ऑडियो में कथित रूप से अनुराग तीन लोगों से बात करते हुए सुनाई दे रहे हैं. इनमें एक आवाज बीजेपी जिलाध्यक्ष और दूसरी आवाज महापौर मंजूषा भगत की होने का दावा किया जा रहा है. आरोप है कि मीना बाजार लगाने की अनुमति देने के लिए रिश्वत की मांग की गई.
वायरल ऑडियो में क्या हुई बातचीत?
ऑडियो में अनुराग मिश्रा ने कथित तौर पर महापौर मंजूषा भगत से बात करते हुए दिए गए पैसे वापस मांगे. मिश्रा ने महापौर से कहा कि उनके पास इतने पैसे नहीं है कि वह तीन लाख रुपये जिलाध्यक्ष को दें और इधर अलग से दें. उन्हें कलाकेंद्र मैदान में अफीम की खेती नहीं करनी है. जिसके बाद महापौर कहती हैं कि वह घर पर किसी को बोल देती हैं, जाकर ले लेना. अनुराग मिश्रा ने कहा कि वह अध्यक्ष जी (बीजेपी जिलाध्यक्ष) के घर गया था. उन्होंने कहा था कि कुछ लेते जाना. उन्होंने वो पैसा फेंककर कहा कि तीन लाख रुपये से कम नहीं चाहिए. अनुराग मिश्रा किसी दूसरे व्यक्ति से बात करते हुए कह रहे हैं कि कलाकेंद्र मैदान की बुकिंग के लिए तीन लाख रुपये बीजेपी जिलाध्यक्ष को चाहिए. तीन लाख रुपये महापौर को चाहिए. एक लाख रुपये उनके स्टाफ का खर्च है. उनके एक और जानने वाले ने भी बाजार लगाया था. पता चला है कि वह महापौर के वहां 6 लाख रुपये देकर आया था. अभी जिसने लगाया है, उसने 10 लाख रुपये दिए हैं.
कांग्रेस ने स्पीकर से सुनाया वायरल ऑडियो
वायरल ऑडियो में जहां महापौर मंजूषा भगत ने अपनी आवाज होने से इनकार किया है, तो वहीं कांग्रेस अब इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जा रही है. यूथ कांग्रेस ने इसके विरोध में कलेक्ट्रेट चौक पर प्रदर्शन किया. कांग्रेस ने सड़क पर स्पीकर लगाकर वायरल ऑडियो को पब्लिक को सुनाया. कांग्रेस पार्षद शुभम जायसवाल ने कहा कि मीना बाजार के नाम पर अवैध वसूली हो रही है. ठेकेदार ने महापौर मंजूषा भगत को पैसा दिया था. जिलाध्यक्ष ने फोन किया कि उनके पास कमीशन पहुंचाओ. ऑडियो में वह धमका रहे हैं कि कल तक उनके पास पैसा पहुंच जाना चाहिए. कांग्रेस ने सरगुजा के कलेक्टर को ज्ञापन सौंप वायरल ऑडियो क्लिप की जांच की मांग की है. मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए. नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि बीजेपी जीरो टॉलरेंस की बात करती है और किस तरह से करप्शन का खुला खेल खेला जा रहा है, यह जनता सब देख रही है. वायरल ऑडियो में किस तरह से खुलकर लेनदेन की बात हो रही है, जनता सब देख और समझ रही है.
कलाकेंद्र मैदान बुकिंग में गड़बड़ी के आरोप
बताते चलें कि नगर निगम की ओर से कलाकेंद्र मैदान को मीना बाजार, खादी से जुड़ी प्रदर्शनी और अन्य प्रदर्शनियों के लिए दिया जाता है. इसके लिए नियमानुसार किराया देना होता है. मैदान का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होता है लेकिन आरोप है कि कई बार इस नियम का पालन नहीं होता और आवंटन में गड़बड़ी की जाती है.
महापौर की शिकायत पर जांच शुरू
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति कल्याण थाना के पुलिस उप-अधीक्षक सुरेश भगत ने इस बारे में कहा कि महापौर मंजूषा भगत ने सोमवार को शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने इस मामले में जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने उनकी शिकायत ले ली है और ऑडियो क्लिप की जांच शुरू कर दी है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Ambikapur,Surguja,Chhattisgarh
